नाला सफाई में बाधा डालने पर बवाल, निगम टीम और पार्षदों से अभद्रता; सरकारी कार्य में व्यवधान के आरोप में युवक हिरासत में, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई।

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में नाला सफाई अभियान के दौरान नगर निगम की टीम के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। घटना के बाद निगम अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षदों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 और 9 में नगर निगम की टीम नालियों और मुख्य नाले की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान नाले के समीप अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों के कारण सफाई कार्य प्रभावित होता पाया गया। निरीक्षण अधिकारी एसआई आशीष शर्मा ने बताया कि टीम द्वारा वाहनों को हटाने का अनुरोध किया जा रहा था, तभी एक स्थानीय युवक कर्मचारियों से उलझ गया और गाली-गलौज करने लगा।

नगर निगम के सुपरवाइजर रघुवीर तथा वार्ड-9 के पार्षद राजेंद्र राठौर ने बताया कि मुख्य नाले पर लगे जाल से प्रतिदिन कई बार कचरा निकाला जाता है, लेकिन लोगों द्वारा वहां वाहन खड़े करने से सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। आरोप है कि युवक ने निगम कर्मचारियों के साथ-साथ मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।

नगर निगम अधिकारी सुनील रोतकी के अनुसार आरोपी ने बीच-बचाव करने पहुंचे वार्ड-8 के पार्षद शिव कुमार और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी अपशब्द कहे तथा वाहन हटाने की कार्रवाई को चुनौती दी। स्थिति बिगड़ने पर निगम प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्रता के आरोपों की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *