जमीन बेचने के नाम पर ठगी: व्यक्ति से 9.40 लाख रुपये हड़पे, दो पर मुकदमा

काशीपुर। जमीन का सौदा कराने के बहाने एक व्यक्ति से करीब नौ लाख चालीस हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आईटीआई थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।

पशुपति विहार, जसपुर खुर्द निवासी संदीप कुमार ने बताया कि महुआखेड़ागंज निवासी प्रीतम उर्फ पप्पू और उसके साथी राकेश कुमार ने उसे ग्राम कनकपुर में छीना पैलेस के सामने की 21,500 वर्ग फुट जमीन बेचने का झांसा दिया। प्रीतम ने जमीन अपनी बहन हिना अरोरा की बताई और कहा कि उसकी बेटी कविता कनाडा पढ़ाई के लिए जा रही है, इसलिए जमीन सस्ते में बेची जा रही है।

संदीप ने भरोसा कर सौदा 14 लाख रुपये में तय किया और एक जनवरी 2024 को 40 हजार रुपये बयाने के रूप में, जबकि 11 जनवरी को नौ लाख रुपये नकद व ट्रांसफर के जरिए दे दिए। बाकी रकम लोन से चुकाने की बात हुई थी।

कई महीनों बाद संदीप को पता चला कि कविता हिना की बेटी नहीं बल्कि प्रीतम के बेटे की पत्नी है, और इन लोगों ने मिलकर रकम हड़पने की साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपी प्रीतम और कविता के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।