डंपरों की चपेट में आकर ट्रांसपोर्टर समेत दो की मौत
पीड़ित परिवारों से मिले सुशील गाबा, हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
संवाददाता, रुद्रपुर/किच्छा।
नेशनल हाईवे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग हादसों में एक ट्रांसपोर्टर और एक चिकित्सक की मौत हो गई। हादसों के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। सुशील गाबा ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और हाईवे सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार किच्छा थाना क्षेत्र के लालपुर स्थित आईडिया कॉलोनी निवासी ट्रांसपोर्टर प्रीतपाल सिंह पुत्र अवतार सिंह शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे लालपुर स्थित पेट्रोल पंप पर अपने वाहनों में डीजल भरवाने के लिए रुपये जमा कराने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने घटना की सूचना उनके पुत्र अमन को दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर लालपुर चौकी और किच्छा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं दूसरी ओर जाफरपुर रोड पर देर रात तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से चिकित्सक मंटू चंद्र राय की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। दोनों हादसों के बाद क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है।
सुशील गाबा ने कहा कि हाईवे अब सफर का रास्ता कम और मौत का गलियारा ज्यादा बनते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधूरे डिवाइडर, खराब सड़कें, अंधेरे में डूबे कट, बेसहारा पशु और ओवरलोड वाहनों की बेलगाम रफ्तार हादसों की बड़ी वजह बन रही है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से तत्काल सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि टोल वसूली में तेजी दिखाई जा रही है, लेकिन सड़क सुरक्षा के इंतजाम पूरी तरह लापरवाही का शिकार हैं। जब तक जिम्मेदार अधिकारी जमीन पर उतरकर हालात नहीं देखेंगे, तब तक हाईवे पर मासूमों की जान यूं ही जाती रहेगी।
इस दौरान समीर चंद्र राय, हैप्पी रंधावा, करण कुमार, रोहित राय, संजीत राय, प्रसन्नजीत राय, संजीव डे, कालू मांझी, दुलाल राय, पवित्र राय, तापस, पीयूष, सोनू और कमलेश हालदार समेत कई लोग मौजूद रहे।




