खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने जताई शोक संवेदना, जनसमस्याएं भी सुनीं
खटीमा। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने मंगलवार को खटीमा भ्रमण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर दिवंगत लोगों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने पंजाबी कॉलोनी में स्वर्गीय विवेक रघुवंशी, टनकपुर रोड अमाऊं में स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह चुफाल तथा वार्ड नंबर-16 अमाऊं राजेंद्र नगर निवासी स्वर्गीय प्रकाश रावत के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में सरकार और पूरा प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने टीडीसी अस्थाई हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली और स्थानीय विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, नंदन सिंह खरायत, रनदीप पोखरिया, भवानी भंडारी, सतीश भट्ट, नवीन बोरा, महामंत्री रमेश जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।




