हल्द्वानी।
हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में वन विभाग में संविदा पर कार्यरत 50 वर्षीय कर्मचारी की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मृतक के एक साथी पर शक जताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मेवा लाल निवासी कौशांबी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह लंबे समय से वन विभाग में संविदा कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था। रविवार देर रात उसका शव टांडा जंगल क्षेत्र में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव के पास संघर्ष के निशान भी पाए गए हैं, जिससे हत्या से पहले विवाद और हाथापाई की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले मृतक अपने एक साथी के साथ था। आशंका है कि दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर मेवा लाल की हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही हल्द्वानी कोतवाली पुलिस और टीपीनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस संदिग्ध साथी की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




