खाना बना रहा था युवक, गैस रिसाव से लग गई पूरे घर में आग, झुलसा

Share the news

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित मोदीपुरम वार्ड नंबर-03 में मंगलवार तड़के गैस रिसाव से हुए अग्निकांड में एक व्यक्ति झुलस गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, 19 मई 2026 को सुबह करीब 4:29 बजे फायर स्टेशन रुद्रपुर को पीएफटी के माध्यम से सूचना मिली कि थाना ट्रांजिट कैंप अंतर्गत मोदीपुरम क्षेत्र में गैस रिसाव के चलते घर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी महेश चन्द्र के नेतृत्व में फायर टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि जनताराम उर्फ रामभरोसे अपने घर में खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस रिसाव होने से आग भड़क उठी और वह झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को फायर टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल पहुंचा दिया।

आग की लपटों ने किचन में रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। फायर कर्मियों ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद फायर विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर लोगों को गैस सिलेंडर और रसोई उपकरणों के सुरक्षित उपयोग को लेकर आवश्यक हिदायतें दीं। अभियान में प्रकाश पांडे, नरेश कुमार, सुरेश चंद्र, नवल प्रभात, दीपक सिंह बिष्ट और महिला फायर कर्मी सरिता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *