काशीपुर। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक को दुबई भेजने और उससे लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने दो सगे भाइयों पर धोखाधड़ी, धमकी और अवैध मानव तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार काशीपुर के मोहल्ला अल्ली खां निवासी मंसूर आलम ने उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के टांडा बादली निवासी जाबिर और नादिर पुत्र साबिर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मंसूर का आरोप है कि आरोपियों ने उसके भाई मुशीर आलम को दुबई में अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी जाबिर ने कहा था कि उसका भाई नादिर दुबई में रहता है और वहां वर्क परमिट पर नौकरी लगवा देगा।
भरोसा होने पर पीड़ित परिवार ने यूपीआई के माध्यम से करीब दो लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। इसके बाद 19 जुलाई 2025 को मुशीर आलम को दुबई भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उसे पता चला कि उसे वर्क परमिट नहीं बल्कि टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि विरोध करने पर दुबई में मौजूद नादिर ने मुशीर के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। वहीं भारत में मौजूद जाबिर ने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि अगर मुशीर को वापस बुलाना है तो अतिरिक्त 50 हजार रुपये देने होंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने दुबई स्थित भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय से मदद मांगी। काफी प्रयासों के बाद मुशीर को वापस भारत लाया गया। पीड़ित का कहना है कि समय पर वापसी न होने के कारण उसका पासपोर्ट भी ब्लैक लिस्ट हो गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




