प्रेम प्रसंग और घरेलू कलह के बीच दो जिंदगियां खत्म, काशीपुर में किशोर तो रुद्रपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

Share the news

काशीपुर में किशोर और रुद्रपुर में विवाहिता की मौत, दो परिवारों में मचा कोहराम

काशीपुर/रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में हुई दो संदिग्ध मौतों से सनसनी फैल गई। काशीपुर में 17 वर्षीय किशोर ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली, जबकि रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक विवाहिता मृत अवस्था में मिली। दोनों मामलों में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला काशीपुर के कटोराताल नई बस्ती क्षेत्र का है। डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक किशोर ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मीना रावत और एसआई गणेश पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस निरीक्षण में किशोर के गले पर निशान पाए गए, जबकि शरीर पर अन्य चोटों के निशान नहीं मिले। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोर का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। परिवार के अनुसार वह चुपचाप रहने लगा था और कम बातचीत करता था। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

वहीं दूसरा मामला रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र का है, जहां एक विवाहिता ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि मृतका का विवाह सात वर्ष से कम समय पहले हुआ था, जिसके चलते तहसीलदार मजिस्ट्रेट दिनेश कुटोला की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई कराई गई।

पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि घटना से पहले महिला और उसके पति के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद महिला घर की छत पर बने स्टोर रूम में चली गई, जहां उसका शव मिला। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराकर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *