पत्नी से झगड़े के बाद बंद कमरे में झूला युवक, दरवाजा तोड़ने पर खुला मौत का राज; सात माह की बेटी के सिर से उठा पिता का साया

Share the news

पति-पत्नी के विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान

पत्नी को कमरे से बाहर निकालकर अंदर से बंद किया दरवाजा, पुलिस जांच में जुटी

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 स्थित अरविन्द नगर में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से मृतक की पत्नी के घर से लापता होने की भी चर्चा है।

पुलिस के अनुसार अरविन्द नगर निवासी 27 वर्षीय जितेन्द्र पुत्र रूपराम अपनी पत्नी और सात माह की पुत्री के साथ रहता था। वह सिडकुल की एक कंपनी में मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था। मंगलवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिस पर स्थानीय पार्षद और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया था।

बताया गया कि बुधवार सुबह एक बार फिर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद जितेन्द्र ने अपनी पत्नी को कमरे से बाहर निकाल दिया और स्वयं कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर आसपास के लोगों को आशंका हुई। इसकी जानकारी मृतक के भाई राजकुमार को दी गई।

मौके पर एकत्र लोगों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो जितेन्द्र फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। वहीं घटना के बाद से मृतक की पत्नी के घर पर नहीं मिलने से पुलिस उससे भी संपर्क करने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *