गोदाम पर कब्जा कर मांगी सात लाख की रंगदारी, कारोबारी को दी जान से मारने की धमकी; लाखों की मशीनें और माल कब्जाने का आरोप

Share the news

रुद्रपुर। लालपुर क्षेत्र में एक कारोबारी के गोदाम पर कब्जा करने और लाखों रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोदाम और उसमें रखा सामान वापस दिलाने की मांग की है। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक अपराध से की गई है।
वार्ड नंबर-9 सीर गोटिया निवासी शफकत खां पुत्र इश्त्याक खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कच्ची खमरिया लालपुर क्षेत्र में उसका एक गोदाम है, जहां उसने लोहे को निकिल करने का प्लांट लगाया हुआ है। आरोप है कि 11 मार्च 2026 को वह दोपहर करीब दो बजे गोदाम बंद कर घर चला गया था। शाम करीब छह से सात बजे के बीच उसे बहेड़ी निवासी अजहर का फोन आया, जिसने बताया कि कुछ लोगों ने गोदाम के ताले तोड़कर अपने ताले लगा दिए हैं और कब्जा कर लिया है।
सूचना मिलने पर जब शफकत मौके पर पहुंचा तो वहां मौजूद सलीमुल्ला पुत्र करीमुल्ला, रिहान पुत्र सलीमुल्ला और राशिद पुत्र फकीर बख्श निवासी कच्ची खमरिया लालपुर ने कथित रूप से उसे धमकाया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि यदि वह जिंदा रहना चाहता है तो दोबारा प्लांट पर न आए। साथ ही गाली-गलौज करते हुए सात लाख रुपये की मांग की गई। आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि चार लाख रुपये सलीमुल्ला और तीन लाख रुपये राशिद को देने होंगे, तभी वह वहां काम कर सकेगा।
पीड़ित के अनुसार गोदाम में मशीनें और कच्चा माल समेत करीब दस लाख रुपये का सामान रखा हुआ है, जिस पर आरोपियों ने कब्जा कर लिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *