तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत
किच्छा। किच्छा मार्ग पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिरौली वार्ड नंबर-18 किच्छा निवासी 45 वर्षीय शाहिद पुत्र अहमद हुसैन राजमिस्त्री का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार को वह अपनी मोटरसाइकिल संख्या यूके 06 बीबी 5833 से कार्य के सिलसिले में लालपुर से किच्छा की ओर जा रहा था। बताया जाता है कि टोल बैरियर और मजार के बीच पहुंचते ही सामने से तेज गति से आ रही एक कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शाहिद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में शाहिद को पहले किच्छा सरकारी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। बाद में हालत बिगड़ने पर उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी ले जाया गया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे रात में पुनः जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और एक विवाहित पुत्री को छोड़ गया है। शाहिद की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुट गई है।
तेज रफ्तार कार ने छीनी राजमिस्त्री की जिंदगी, टक्कर मार फरार हुआ चालक; पत्नी समेत चार बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़




