धर्म परिवर्तन के बाद भी SC प्रमाण पत्र से लाभ लेने का आरोप, जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी
रुद्रपुर/गदरपुर। गदरपुर क्षेत्र में अवैध तरीके से चर्च बनाकर धर्म परिवर्तन कराने की शिकायत के बाद प्रशासन की जांच में बड़ा मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि चकरपुर बरखेड़ा निवासी राजन कुमार पुत्र संजय कुमार, जो पहले अनुसूचित जाति (चमार) वर्ग से संबंधित था, अब ईसाई धर्म अपना चुका है। इसके बावजूद उसके नाम से जारी अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र प्रभावी बना हुआ है।
प्रशासनिक जांच के दौरान यह भी सामने आया कि राजन कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर “राजन मसीह” नाम से आईडी बना रखी है। शिकायत मिलने के बाद उप जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व उप निरीक्षक और राजस्व निरीक्षक द्वारा संयुक्त जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में धर्म परिवर्तन संबंधी तथ्यों की पुष्टि होने के बाद मामले को आगे की कार्रवाई के लिए जिला स्तरीय स्क्रूटनी समिति को भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार राजन कुमार को 14 जनवरी 2019 को तहसीलदार गदरपुर द्वारा अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जारी किया गया था। अब एसडीएम ने संयुक्त जांच आख्या और संबंधित दस्तावेज जिलाधिकारी कार्यालय को भेजते हुए प्रमाण पत्र निरस्त करने की संस्तुति की है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक यदि जिला स्क्रूटनी समिति जांच के आधार पर प्रमाण पत्र निरस्त करती है, तो संबंधित व्यक्ति को अनुसूचित जाति आरक्षण, शासकीय योजनाओं और SC/ST एक्ट के तहत मिलने वाले विशेष संरक्षण जैसे लाभ नहीं मिल पाएंगे। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है।



