मां को मारने की धमकी देकर चाकू लेकर घूम रहा था युवक, पुलिस ने दबोचा
रुद्रपुर। रम्पुरा क्षेत्र में एक युवक अपनी मां की हत्या की धमकी देते हुए अवैध चाकू लेकर घूमता मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बटनदार चाकू बरामद किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 9:34 बजे यूपी-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि वार्ड नंबर 21 रम्पुरा निवासी एक व्यक्ति हाथ में बड़ा चाकू लेकर अपनी मां को मारने की नीयत से घूम रहा है। सूचना देने वाले सौरभ गुप्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी काफी आक्रामक स्वभाव का है और पुराने अस्पताल स्थित मोर्चरी के पास मौजूद है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी रम्पुरा उपनिरीक्षक पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आनन्द शर्मा पुत्र भोला नाथ शर्मा निवासी रम्पुरा बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट से करीब 31 सेंटीमीटर लंबा अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार चाकू का फल तेज धारदार और नुकीला था, जिसे बटन दबाते ही खोला और बंद किया जा सकता था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका परिवार से विवाद चल रहा है और वह अपनी मां, भाई तथा पत्नी को मारने या खुद मर जाने की बात कह रहा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की गई है तथा मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।



