रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित लालपुर टोल प्लाजा के पास मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय डालचंद पुत्र मोहन लाल मूल रूप से बिठौरा कला, थाना गजरौला, जनपद पीलीभीत का निवासी था। वह रुद्रपुर की एक राइस मिल में पल्लेदारी का कार्य करता था और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की कृष्णा कॉलोनी में परिवार के साथ किराए के कमरे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि डालचंद रविवार को अपने गांव पीलीभीत गया था और वहां से बच्चों के लिए खाने-पीने का सामान, राशन तथा गैस सिलेंडर लेकर वापस रुद्रपुर लौट रहा था।
मंगलवार देर रात जब वह लालपुर स्थित टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों और पुलिस कर्मियों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान में जुटी हुई है।



