पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार पर डीएम सख्त, पेड़ कटान और सड़क शिफ्टिंग में तेजी के निर्देश; लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी, अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर जल्द कार्य पूरा करने का आदेश

Share the news

पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार को डीएम ने दी रफ्तार, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

रुद्रपुर। पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कैंप कार्यालय में परियोजना की समीक्षा बैठक लेते हुए निर्माण और भूमि संबंधी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने एनएचएआई, राजस्व विभाग, वन विभाग और सैनिक फार्म के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट विस्तार क्षेत्र में जिन पेड़ों का कटान प्रस्तावित है, उनका संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र डीमार्केशन किया जाए और पेड़ कटान की प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि परियोजना के दायरे में आने वाले भवनों को भी जल्द ध्वस्त कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य बाधित न हो।

डीएम ने एनएचएआई अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सड़क शिफ्टिंग और निर्माण कार्यों की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि परियोजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या या तकनीकी बाधा को तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि उसका त्वरित समाधान कराया जा सके।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी गौरव पांडेय, मनीष बिष्ट, एनएचएआई के अधिकारी रक्षित यादव, तुषार गुप्ता, डीजीएम एयरपोर्ट अनूप गुप्ता तथा मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *