फूल-मालाओं से हेलमेट का संदेश: एसएसपी अजय गणपति की अगुवाई में ऊधम सिंह नगर पुलिस की विशाल सड़क सुरक्षा रैली, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को जागरूक कर दिया सुरक्षा का पाठ

Share the news

सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा

एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में निकली विशाल यातायात जागरूकता रैली, हेलमेट नहीं पहनने वालों का फूल-मालाओं से किया स्वागत

रुद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऊधम सिंह नगर पुलिस ने मंगलवार को “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” अभियान के तहत विशाल यातायात जागरूकता रैली निकाली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में आयोजित इस रैली में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहरभर में लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

रैली की शुरुआत पुलिस कार्यालय रुद्रपुर से हुई, जहां एसएसपी अजय गणपति ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पुलिस मुख्यालय से प्राप्त नई मोटरसाइकिलों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिनका उपयोग सुगम यातायात संचालन में किया जाएगा।

इसके बाद पुलिस की जागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों—डीडी चौक, त्रिशूल चौक और नैनीताल रोड—से होकर गुजरी। रैली के दौरान पुलिस कर्मियों ने लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

त्रिशूल चौक पर आयोजित विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोका गया। पुलिस अधिकारियों ने ऐसे वाहन चालकों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें हेलमेट पहनाया और भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की हिदायत दी। इस अनोखी पहल को राहगीरों और स्थानीय लोगों ने सराहा।

अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को कई महत्वपूर्ण सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य प्रयोग करने, ट्रिपल राइडिंग से बचने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई। साथ ही कम उम्र के बच्चों को वाहन न सौंपने और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यातायात नियम हमारी सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं और इनका पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। ऊधम सिंह नगर पुलिस का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की यात्रा को सुरक्षित बनाना है।

इस जागरूकता रैली में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रपुर, प्रतिसार निरीक्षक, निरीक्षक यातायात, सीपीयू तथा जनपद के विभिन्न थानों और पुलिस कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *