गंगापुर रोड पर बनेगा भव्य ‘शिव कॉरिडोर’, सर्वे के बाद परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, सीएम धामी की घोषणा साकार करने की दिशा में कदम तेज, महापौर और अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

Share the news

‘मानस खंड कॉरिडोर’ योजना के तहत गंगापुर रोड पर प्रस्तावित भव्य शिव कॉरिडोर को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत सर्वे किया।

महापौर विकास शर्मा ने पर्यटन विभाग, कुमाऊं मंडल विकास निगम, परिवहन विभाग और नगर निगम के अधिकारियों के साथ गंगापुर रोड का निरीक्षण करते हुए परियोजना का प्रारंभिक खाका तैयार कराया। सर्वे के बाद नगर निगम में आयोजित बैठक में कॉरिडोर के स्वरूप, डिजाइन और संभावित सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

महापौर ने बताया कि यह कॉरिडोर गंगापुर रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर, गोल्ज्यू मंदिर और नीलकंठ धाम को आपस में जोड़ेगा। इससे न केवल धार्मिक आस्था को एक मंच मिलेगा, बल्कि यह विभिन्न संस्कृतियों का संगम स्थल भी बनेगा। यहां बंगाली, कुमाऊंनी समेत अन्य सांस्कृतिक परंपराओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में होगा विकास

परियोजना को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी विकसित करने की योजना है। श्रद्धालु और पर्यटक यहां पवित्र वातावरण में अपने मांगलिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। ग्रामीण जीवन की झलक देने के लिए कॉरिडोर में मड हाउस बनाए जाएंगे, जबकि ठहरने के लिए आधुनिक विश्राम गृह भी तैयार होंगे।

‘संस्कृति की पाठशाला’ बनेगी आकर्षण का केंद्र

नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं और सनातन संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से यहां ‘संस्कृति की पाठशाला’ स्थापित की जाएगी, जहां धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों की शिक्षा दी जाएगी।

महापौर के अनुसार, परियोजना का विस्तृत ड्राफ्ट तैयार होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं रुद्रपुर पहुंचकर इसका शिलान्यास करेंगे। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, पार्षद प्रतिनिधि मानवेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *