रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जनपद में रविवार को आगजनी की घटनाओं ने अचानक विकराल रूप ले लिया। फायर स्टेशन रुद्रपुर को दिनभर में अलग-अलग स्थानों से आग लगने की कुल 11 सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिसके बाद दमकल विभाग की टीमों ने लगातार कार्रवाई करते हुए हालात पर काबू पाया।
फायर विभाग के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को सुबह 10:32 बजे पीएफटी के माध्यम से सूचना मिली कि चंदोला हॉस्पिटल के पीछे गेहूं के खेतों में भीषण आग लगी है, जो तेजी से राधा स्वामी सत्संग भवन की ओर बढ़ रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र के निर्देश पर तत्काल फायर यूनिट को मौके के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि आग बड़े क्षेत्र में फैल चुकी है और आसपास के धार्मिक स्थल व आबादी को खतरा पैदा हो गया है। दमकल कर्मियों ने तत्काल वाहन से पंपिंग कर होज पाइप और होजरील की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए एक अतिरिक्त फायर यूनिट भी मौके पर भेजी गई। दोनों यूनिटों के संयुक्त प्रयास से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
इसी दौरान दिनभर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आग लगने की सूचनाएं मिलती रहीं। कुल मिलाकर 11 अलग-अलग स्थानों पर गेहूं की नाड़ और खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फायर यूनिटों को तत्काल रवाना किया गया और सभी स्थानों पर आग को समय रहते बुझा दिया गया।
दमकल विभाग की मुस्तैदी के चलते किसी बड़ी जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों को आर्थिक झटका लगा है।
इस पूरी कार्रवाई में फायर स्टेशन रुद्रपुर के कई कर्मचारी लगातार सक्रिय रहे, जिनमें चालक गिरीश बिष्ट, उमेश सिंह, नरेश कुमार समेत कई फायरमैन और महिला कर्मी शामिल रहीं।
फायर विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में खेतों में सूखी नाड़ और फसल अवशेषों को जलाने से बचें, क्योंकि इससे आग तेजी से फैल सकती है और बड़े हादसे का कारण बन सकती है।




