सरयू नदी में दर्दनाक हादसा: 10 साल की मासूम की डूबने से मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

पिथौरागढ़:

जनपद पिथौरागढ़ में एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। घाट क्षेत्र में सरयू नदी में डूबने से 10 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंडाक क्षेत्र के भुरमुनी गांव निवासी 10 वर्षीय रिया अपनी मां सरोजा देवी के साथ अपने मामा के विवाह समारोह में शामिल होने घाट आई थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे परिवार के सदस्य सरयू नदी में स्नान के लिए पहुंचे। बताया जा रहा है कि मां और अन्य परिजन बच्ची को नदी किनारे छोड़कर स्नान करने लगे।

इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम रिया नदी के पास पहुंच गई और अचानक गहरे पानी में चली गई, जिससे वह डूब गई। जब तक परिजनों को घटना की जानकारी हुई, तब तक काफी देर हो चुकी थी। आनन-फानन में बच्ची को नदी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया।

जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. अमन आलम ने बताया कि बच्ची के फेफड़ों में पानी भर जाने के कारण उसकी हालत गंभीर थी और तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

Advertisement