उधम सिंह नगर के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में सामने आए बहुचर्चित बिटकॉइन निवेश ठगी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को ईडी की टीम ने देहरादून, दिल्ली और रुड़की में आरोपी हेमंत मोहन शर्मा के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से आर्थिक अपराधों के खिलाफ एजेंसियों के सख्त रुख का संकेत मिला है।
जानकारी के अनुसार, हेमंत शर्मा पर लोगों को बिटकॉइन में निवेश का लालच देकर करोड़ों रुपये ठगने का आरोप है। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर दिनेशपुर थाने में पहले ही धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया जा चुका है, जिसके बाद पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने जांच शुरू की थी।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, देहरादून के मोहिनी रोड स्थित आरोपी के आवास पर छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की गई। इन दस्तावेजों के आधार पर निवेश और लेन-देन से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि ईडी इससे पहले भी हेमंत शर्मा की करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच कर चुकी है, जिससे स्पष्ट होता है कि आरोपी पहले से ही जांच एजेंसियों के रडार पर था। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और संभावित निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



