ऊधमसिंह नगर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों की सेहत को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव कर दिया गया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था 22 अप्रैल 2026 से अगले एक सप्ताह तक प्रभावी रहेगी।
मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हीट वेव का खतरा बना हुआ है। ऐसे में छोटे बच्चों के लिए स्कूल जाना जोखिम भरा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है।
नए आदेश के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र और प्री-नर्सरी स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक ही संचालित होंगे। वहीं कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तय किया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूल प्रबंधन इस आदेश का सख्ती से पालन करें। आदेश की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
इसके साथ ही अभिभावकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाने, हल्का भोजन देने और तेज धूप से बचाने के निर्देश दिए गए हैं।
भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन का यह फैसला राहत भरा माना जा रहा है, हालांकि अब इसकी सख्ती से पालन पर ही बच्चों की सुरक्षा निर्भर करेगी।




