वीडियो कॉल पर मौत का लाइव मंजर: पंतनगर में घरेलू कलह से परेशान युवक ने फांसी लगाई, पुलिस ने तोड़ा दरवाजा, कमरे में लटका मिला शव, इलाके में सनसनी

घरेलू कलह के बाद युवक ने वीडियो कॉल पर दी जान, पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला शव

पंतनगर (ऊधम सिंह नगर)। सिडकुल थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी मेट्रोपोलिस विला में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद से परेशान एक युवक ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल पर आत्महत्या का मंजर दिखाते हुए फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 36 वर्षीय जावेद आरिफ, पुत्र कम्बर अली के रूप में हुई है। वह मूल रूप से हरिद्वार के बहादराबाद स्थित सलेमपुर महदूद का निवासी था और वर्तमान में पंतनगर के मेट्रोपोलिस विला स्थित फ्लैट में परिवार के साथ रह रहा था। जावेद एक निजी कंपनी में असिस्टेंट प्रोडक्शन मैनेजर के पद पर कार्यरत था।

बताया जा रहा है कि जावेद और उसकी पत्नी अजरा के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू कलह चल रही थी। मंगलवार को दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी घर छोड़कर अपने मायके उत्तर प्रदेश चली गई। इसी दौरान दोपहर करीब 1:16 बजे जावेद ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया और फांसी का फंदा दिखाते हुए आत्महत्या करने की धमकी दी। कुछ ही देर बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया।

घबराई पत्नी ने तुरंत ‘डायल 112’ पर सूचना दी और पड़ोसियों को भी फोन कर स्थिति से अवगत कराया। सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिस और चीता मोबाइल टीम मौके पर पहुंची। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में तोड़ा। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था—जावेद पंखे से स्टॉल के सहारे लटका हुआ था।

पुलिस ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मौके पर सीओ पंतनगर और अन्य अधिकारी भी पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कमरे से शराब की खाली बोतलें भी बरामद होने की बात सामने आई है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि घटना से पहले युवक ने शराब का सेवन किया था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह घटना एक बार फिर पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करती है।

Advertisement