रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर):
कुमाऊं मंडल आयुक्त एवं जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक रावत की अध्यक्षता में प्राधिकरण की 22वीं बोर्ड बैठक कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कॉन्फ्रेंस हॉल में सम्पन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय और 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर विस्तृत चर्चा के साथ कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
बैठक में बताया गया कि प्राधिकरण की राजस्व आय में इस वर्ष करीब 48 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित आय में भी 27.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा गया है, जो विकास कार्यों में तेजी का संकेत है।
बोर्ड बैठक में कुल 32 प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिसमें 16 मानचित्र स्वीकृत किए गए, 13 नीतिगत प्रस्तावों को मंजूरी दी गई और 2 प्रस्ताव शासन को मार्गदर्शन हेतु भेजे गए। साथ ही रुद्रपुर शहर के सौंदर्यीकरण के तहत हाईवे एंट्री गेट, पार्कों के पुनर्विकास और आधुनिक सिविल डिजाइनों की योजनाएं प्रस्तुत की गईं।
तकनीकी सुधार के तहत प्राधिकरण की नई वेबसाइट, AI चैटबॉट और PGRS प्रणाली विकसित करने पर भी चर्चा हुई। वहीं मोदी मैदान को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अत्याधुनिक बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम के रूप में विकसित करने की योजना को भी आगे बढ़ाया गया।
मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत खटीमा क्षेत्र में 1497.46 लाख रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण और आधुनिक लाइटिंग जैसी योजनाओं को मंजूरी मिली। इसके अलावा K3 (कुमाऊं कॉमर्स एंड कुटीर) परियोजना और फाजलपुर महरोला में यातायात नगर विकसित करने के लिए 7204.07 लाख रुपये की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



