रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर):
जनपद में गेहूं फसल की उत्पादकता का आकलन करने के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया स्वयं खेत में पहुंचे और क्रॉप कटिंग प्रयोग किया। यह कार्य प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल की वास्तविक उपज का आंकलन करने के उद्देश्य से किया गया।
तहसील रुद्रपुर के राजस्व ग्राम भूरारानी में आयोजित इस क्रॉप कटिंग कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने काश्तकार अशोक गांधी के खेत में पहुंचकर मौके पर ही गेहूं की फसल की कटाई की। निर्धारित मानक के अनुसार 43.30 वर्गमीटर के त्रिभुजाकार प्लॉट में फसल काटी गई, जिसमें कुल 17.900 किलोग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस तरह के क्रॉप कटिंग प्रयोग पूरे जनपद ही नहीं बल्कि प्रदेश और देशभर में नियमित रूप से कराए जाते हैं। इन प्रयोगों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार फसल बीमा दावों का निर्धारण करती है और खाद्य सुरक्षा व कृषि नीति बनाने में इनका महत्वपूर्ण योगदान होता है।
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी वास्तविक उपज के आधार पर लाभ दिलाने के लिए यह प्रक्रिया बेहद जरूरी है, जिससे बीमा क्लेम सही तरीके से निपटाए जा सकें। साथ ही इससे कृषि उत्पादन का सटीक आंकलन भी संभव हो पाता है।
इस दौरान तहसीलदार दिनेश कुटौला, सहायक भूलेख अधिकारी मदन बिष्ट, कानूनगो राधे सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और क्रॉप कटिंग प्रक्रिया में सहयोग किया।




