रुद्रपुर (उधम सिंह नगर):
ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के रम्पुरा में एक महिला के घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, उसका पति पंजाब में काम करता है और वह अपने बच्चों के साथ घर में अकेली रहती है। गुरुवार रात वह बच्चों के साथ सो रही थी। गर्मी के चलते घर का दरवाजा खुला हुआ था। देर रात करीब 12 बजे पड़ोस में रहने वाला एक युवक छत के रास्ते घर में घुस आया।
आरोप है कि युवक ने अंदर घुसते ही दरवाजा बंद कर दिया और महिला का मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने साहस दिखाते हुए विरोध किया और खुद को छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हुई।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया, जिससे उसके नाखून चेहरे पर लग गए और वह घायल हो गई। इसी बीच घर में आहट सुनकर उसकी जेठानी और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया।
भागते समय आरोपी अपना मोबाइल फोन, जूता और गले की चेन मौके पर ही छोड़ गया, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन सकते हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



