जसपुर में मूर्ति स्थापना को लेकर बवाल, दो राजनीतिक गुट आमने-सामने
रुद्रपुर/जसपुर। उधम सिंह नगर जिले के जसपुर में मूर्ति स्थापना को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। ठाकुर मंदिर के सामने रानी लक्ष्मीबाई की मूर्ति लगाने को लेकर कांग्रेस विधायक आदेश चौहान और भाजपा के पूर्व विधायक शैलेन्द्र मोहन सिंघल के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि विधायक आदेश चौहान अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रस्तावित स्थल पर लगी टाइल्स हटवाने लगे। इसी दौरान स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक शैलेन्द्र मोहन सिंघल भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर फिलहाल मूर्ति स्थापना का कार्य रुकवा दिया है।
विधायक आदेश चौहान का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की मूर्ति स्थापित करने की मांग उठ रही थी, विशेष रूप से महिलाओं और ब्राह्मण समाज द्वारा। उन्होंने दावा किया कि संबंधित स्थल को पहले अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है और इसके लिए प्रशासन को प्रस्ताव भी भेजा गया है।
वहीं, पूर्व विधायक शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने बिना अनुमति निर्माण का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई स्थानीय लोग वहां महाराज अग्रसेन की मूर्ति स्थापित करना चाहते हैं और इस संबंध में जिलाधिकारी को आवेदन दिया गया है, जिस पर अभी निर्णय लंबित है।
फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पक्षों से बातचीत के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। हालांकि, क्षेत्र में अब भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।



