सात बहनों के इकलौते भाई की सड़क हादसे में मौत, बहनों के हाथ पीले होते हुए देखने के सपने को लापरवाही ने किया खत्म

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

गदरपुर-काशीपुर हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां तेल टैंकर की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक सात बहनों का इकलौता भाई था, जिससे परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय विकास बाल्मीकि उत्तर प्रदेश के स्वार क्षेत्र का निवासी था और सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। शनिवार रात वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से गदरपुर जा रहा था।

इसी दौरान महतोष मोड़ के पास तेज रफ्तार टैंकर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी सुशील गाबा अस्पताल पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने बताया कि विकास अपने परिवार का इकलौता बेटा था और बहनों की शादी के लिए मेहनत कर रहा था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार टैंकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *