फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल से ठगी और अश्लील मैसेज: उद्यमी की छवि बिगाड़ने की साजिश, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की

Share the news

व्हाट्सएप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी और अश्लील मैसेज: उद्यमी की छवि धूमिल करने की साजिश

काशीपुर रोड क्षेत्र में एक उद्यमी की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने उद्यमी की फोटो लगाकर फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाई और लोगों से रुपये मांगने के साथ-साथ महिलाओं को अश्लील संदेश भेजे।

पीड़ित ध्रुव मुंजाल ने इस संबंध में एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह आर एप्स ग्रुप ऑफ कंपनी के स्वामी हैं और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं। इसी कारण कुछ लोग उनकी छवि खराब करने की साजिश रच रहे हैं।

शिकायत के अनुसार, मोबाइल नंबर 9286747911 पर उनकी फोटो लगाकर अज्ञात व्यक्ति लोगों को कॉल और मैसेज के जरिए पैसे मांग रहा है। इतना ही नहीं, इसी नंबर से कई महिलाओं को आपत्तिजनक संदेश भी भेजे गए हैं, जिससे उनकी सामाजिक छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। फर्जी प्रोफाइल पर उनका नाम भी दर्ज किया गया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस तरह के संदिग्ध कॉल या मैसेज से सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को धनराशि न भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *