कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए SSP का बड़ा एक्शन, 2 इंस्पेक्टर समेत 20 दरोगाओं के तबादले
हरिद्वार में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने एक बार फिर बड़े स्तर पर पुलिस महकमे में फेरबदल किया है। शुक्रवार देर रात जारी आदेश में 2 इंस्पेक्टर और 20 सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) के तबादले कर दिए गए, जिससे विभाग में हलचल मच गई।
जारी सूची के अनुसार, इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी को श्यामपुर कोतवाली से हटाकर रानीपुर कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा को श्यामपुर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इंस्पेक्टर आशुतोष राणा को रानीपुर से हटाकर पुलिस कार्यालय भेजा गया है। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले ही इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई थीं, लेकिन अल्प समय में ही फिर से तबादला कर दिया गया।
दरोगा स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किया गया है। एसआई अजय शाह को एसओ सिडकुल, नवीन सिंह को रोड़ीबेलवाला चौकी प्रभारी और चरण सिंह को गैस प्लांट चौकी प्रभारी बनाया गया है। विकास रावत को सिडकुल कोतवाली में एसएसआई की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा, प्रवीण बिष्ट को बहादराबाद, विक्रम बिष्ट को सप्तऋषि, संतोष सेमवाल को चंडी घाट और नितिन बिष्ट को मंगलौर चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है। कई अन्य चौकी प्रभारियों और दरोगाओं को भी नई तैनाती दी गई है, जबकि कुछ को पुलिस लाइन भेजा गया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह तबादले जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं। लगातार हो रहे इन तबादलों को प्रशासनिक कसावट और बेहतर पुलिसिंग की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




