हनीट्रैप गैंग का भंडाफोड़: महिलाओं के जरिए जाल बिछाकर लूट-ब्लैकमेल करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 शातिर गिरफ्तार, लूटी कार-नकदी-सोने की अंगूठी बरामद, 50 लाख फिरौती की थी साजिश।

Share the news

नानकमत्ता क्षेत्र में पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जांच में सामने आया है कि यह गिरोह महिलाओं के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर उन्हें बंधक बनाता था और मारपीट कर लूटपाट व ब्लैकमेल की वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस के मुताबिक, 14 मार्च 2026 की रात गिरोह ने एक व्यक्ति को फोन के जरिए अपने जाल में फंसाया। महिला आरोपियों ने उससे मीठी-मीठी बातें कर उसे मिलने के बहाने नानकमत्ता के मच्छी झाला क्षेत्र में बुलाया। जब पीड़ित अपनी हुंडई आई-10 कार से मौके पर पहुंचा तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया और कार से उतारकर भड़ाभुड़िया स्थित एक मकान में बंधक बना लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की कोशिश की। इसके बाद पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और कार लूटकर फरार हो गए।

मामले की सूचना मिलने के बाद नानकमत्ता पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 15 मार्च को डैम बंदे क्षेत्र में घेराबंदी कर एक हुंडई आई-10 कार को रोका। कार में सवार तारा सिंह, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू, गुरमीत कौर और सीमा कौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपी गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल और रमन सिंह को वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, 9,750 रुपये नगद, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी तारा सिंह नानकमत्ता कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *