किच्छा रेलवे स्टेशन पर एक घंटे बंद रहा टिकट काउंटर, लंबी कतारों में फंसे यात्री; ट्रेन आने से पहले मची अफरातफरी, कई लोग मजबूरी में बिना टिकट यात्रा को हुए मजबूर।

Share the news

किच्छा। रविवार सुबह किच्छा रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर बंद रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खराब मौसम और तकनीकी समस्या के चलते करीब एक घंटे तक टिकट वितरण बंद रहा, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और सैकड़ों यात्री टिकट लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े रहे।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे के बाद अचानक टिकट काउंटर से टिकट देना बंद कर दिया गया। उस समय बड़ी संख्या में यात्री अपने गंतव्य तक जाने के लिए टिकट लेने के लिए लाइन में लगे हुए थे। करीब एक घंटे तक टिकट न मिलने के कारण यात्रियों में नाराजगी बढ़ती गई।

इसी दौरान सुबह 11:10 बजे आने वाली लालकुआं–कासगंज पैसेंजर ट्रेन के यात्री भी स्टेशन पर इंतजार कर रहे थे। इसके अलावा मथुरा धाम मेला स्पेशल ट्रेन के लिए भी काफी संख्या में लोग स्टेशन पर मौजूद थे। टिकट काउंटर बंद होने से यात्रियों की चिंता और बढ़ गई।

बताया जा रहा है कि ट्रेन आने से करीब पांच मिनट पहले टिकट काउंटर दोबारा खोला गया, लेकिन इतने कम समय में सभी यात्रियों को टिकट मिल पाना संभव नहीं हो सका। ऐसे में कई यात्रियों को मजबूरी में बिना टिकट यात्रा करने की स्थिति का सामना करना पड़ा।

स्टेशन पर मौजूद यात्रियों सचिन, अंकित समेत अन्य लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर इंटरनेट या तकनीकी समस्या के कारण टिकट नहीं मिल पा रहा है तो इसकी जिम्मेदारी यात्रियों पर नहीं डाली जा सकती। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि बिना टिकट यात्रा के दौरान किसी यात्री पर कार्रवाई होती है या कोई दुर्घटना हो जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

यात्रियों ने जब इस मामले में स्टेशन मास्टर से जानकारी लेने की कोशिश की तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया, जिससे यात्रियों में और अधिक नाराजगी देखने को मिली।

घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए टिकट व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *