अवैध शस्त्र और सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वालों पर पुलिस का शिकंजा, ऊधम सिंह नगर में 15 दिन का विशेष अभियान, पहले ही दिन 3 गिरफ्तार, 5 तमंचे और 13 कारतूस बरामद

Share the news

अवैध शस्त्र व सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वालों पर सख्ती, ऊधम सिंह नगर में 15 दिन का विशेष अभियान

रुद्रपुर। जनपद में अवैध शस्त्र रखने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पूरे जनपद में 15 दिन का विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी ने सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो डालकर फायरिंग करने वाले लोगों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके लिए सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अभियान के पहले ही दिन पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। 12 मार्च को की गई कार्रवाई में जनपद के विभिन्न थानों में तीन अभियोग दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध तमंचे और 13 कारतूस बरामद किए हैं।

कोतवाली जसपुर में एक आरोपी को 315 बोर का तमंचा और कारतूस के साथ पकड़ा गया। वहीं रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को तीन तमंचों और कई कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। सितारगंज पुलिस ने भी एक आरोपी को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ दबोचा।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *