रुद्रपुर में गैस संकट पर भड़के उपभोक्ता, एजेंसी पहुंचे पूर्व विधायक Rajkumar Thukral, बुकिंग फेल और देरी से आपूर्ति पर प्रबंधन को लगाई फटकार, जल्द समाधान का दिया भरोसा।

Share the news

रुद्रपुर। शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को लेकर परेशान उपभोक्ताओं को उस समय कुछ राहत की उम्मीद जगी, जब रुद्रपुर के पूर्व विधायक Rajkumar Thukral स्वयं गैस एजेंसी पहुंच गए। पिछले कई दिनों से उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग में तकनीकी समस्या और समय पर गैस सिलेंडर न मिलने की शिकायतों का सामना करना पड़ रहा था, जिससे आम परिवारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी समस्याओं को लेकर एजेंसी पहुंच रहे थे और गैस बुकिंग बार-बार फेल होने तथा बुकिंग होने के बाद भी सिलेंडर समय पर न मिलने को लेकर नाराज़गी जता रहे थे। इसी बीच स्थिति की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं।

कई उपभोक्ताओं ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया बार-बार फेल हो रही है, जबकि कुछ लोगों की बुकिंग सफल होने के बावजूद कई दिनों तक गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है। इससे घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है।

मौके पर मौजूद लोगों की शिकायतें सुनने के बाद पूर्व विधायक ने गैस एजेंसी के प्रबंधक से बातचीत कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसी प्रबंधन को निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लिया जाए और जल्द से जल्द गैस आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य किया जाए। साथ ही बुकिंग से जुड़ी तकनीकी खामियों को भी तत्काल ठीक कराने को कहा, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

इस दौरान एजेंसी परिसर में कुछ लोग समस्या को लेकर आक्रोशित भी दिखाई दिए। पूर्व विधायक ने लोगों को शांत कराते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। उनकी समझाइश के बाद माहौल शांत हुआ और लोगों ने अपनी शिकायतें व्यवस्थित तरीके से दर्ज कराईं।

पूर्व विधायक ने कहा कि गैस जैसी आवश्यक सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आम जनता को समय पर गैस सिलेंडर मिलना उनका अधिकार है और यदि कहीं भी अव्यवस्था सामने आती है तो उसे तुरंत दुरुस्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या उनके लिए सर्वोपरि है और वह हमेशा लोगों की आवाज बनकर उनके साथ खड़े रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *