हरिद्वार: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होने के बाद उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। क्षेत्र की रहने वाली फैरूज फातिमा ने परीक्षा में 708वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि फैरूज फातिमा के पिता इकबाल अहमद पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी।
फैरूज फातिमा की इस उपलब्धि के बाद परिवार में जश्न का माहौल है। परिणाम घोषित होते ही परिजनों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि फातिमा की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला रखती हैं।
बताया जा रहा है कि फैरूज फातिमा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा पिरान कलियर क्षेत्र के ही स्कूल से प्राप्त की और इसके बाद उच्च शिक्षा हासिल करते हुए सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
फैरूज फातिमा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रही हैं। वह उत्तराखंड की रग्बी खिलाड़ी के रूप में भी पहचान बना चुकी हैं। शिक्षा और खेल दोनों में संतुलन बनाते हुए उन्होंने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में फैरूज फातिमा का चयन भारतीय रिजर्व बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर हुआ था और वर्तमान में वह इसी पद पर कार्यरत हैं। अब सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का अपना सपना पूरा कर लिया है।
फैरूज फातिमा ने कहा, “मेरा सपना बचपन से ही प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और देश की सेवा करना था। आज यह सपना पूरा हुआ है और मेरी इस सफलता से मेरे माता-पिता व परिवार के सदस्य बेहद खुश हैं।”



