रुद्रपुर, संवाददाता
रुद्रपुर में कार सवार युवक पर बाइक सवार युवक ने फायर झोंक दिया। हमले में कार चालक बाल-बाल बचा, लेकिन गोली ड्राइवर सीट के पीछे शीशे को चीरते हुए निकल गई। युवक ने कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर सौंपी है। घटना गुरुवार देर रात आरएएन स्कूल के पीछे असेनिया रेस्टोरेंट के पास की है।
जानकारी के अनुसार वार्ड-32 भूरारानी निवासी राकेश ने बताया कि वह गुरुवार रात करीब पौने दस बजे अपने दोस्त ज्वाला के साथ कार से घर जा रहा था। जब वह आरएएन स्कूल के पीछे असेनिया रेस्टोरेंट के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक उनकी कार के पास आ गए। बाइक को पास आता देख राकेश ने कार की रफ्तार धीमी कर दी। आरोप है कि इसी दौरान बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक कार की ओर तमंचा तानकर फायर झोंक दिया। फायरिंग होते ही कार में बैठे दोनों युवक घबरा गए। गोली ड्राइवर सीट के पीछे लगे शीशे को चीरते हुए निकल गई। इससे कार सवार दोनों युवक बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों के एकत्र होते ही बाइक सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी गई है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। कोतवाली प्रभारी मनोज रतूड़ी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
शहर में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। आए दिन बाइक सवार युवक सड़कों पर रेट्रो साइलेंसर लगाकर तेज धमाके करते नजर आते हैं, लेकिन इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में देर रात हुई फायरिंग की इस घटना ने पुलिस व्यवस्था को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है।




