रुद्रपुर। शहरवासियों को जल्द ही जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलने वाली है। वर्षों से मानसून के दौरान जलभराव से जूझ रहे रुद्रपुर के लिए शासन ने 460 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी ड्रेनेज परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के पहले चरण के तहत 111 करोड़ रुपये की पहली किश्त जल्द जारी की जाएगी, जिससे निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि शहर के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए पहले 300 करोड़ रुपये का एक पुराना प्रोजेक्ट तैयार किया गया था, लेकिन वह लंबे समय से फाइलों में लंबित था। महापौर बनने के बाद उन्होंने इस समस्या को प्राथमिकता में लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कई बार मुलाकात की और शहर में मानसून के दौरान होने वाले जलभराव की गंभीर स्थिति से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने शहर का विस्तृत सर्वे किया। इस दौरान स्थानीय पार्षदों से भी सुझाव लिए गए और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए एक नया और व्यावहारिक प्रस्ताव तैयार किया गया। गहन विचार-विमर्श के बाद 460 करोड़ रुपये की ड्रेनेज मास्टर प्लान योजना को अंतिम रूप दिया गया।
इस योजना के तहत पूरे शहर को चार अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है। पहले चरण में जोन-1 के अंतर्गत वार्ड संख्या 1 फुलसूंगा और वार्ड संख्या 16 बगवाड़ा क्षेत्र में काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए 111 करोड़ रुपये की राशि जल्द जारी होने वाली है। पहले चरण के कार्यों की प्रगति के आधार पर अन्य चरणों के लिए शेष बजट जारी किया जाएगा।
महापौर विकास शर्मा ने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना रुद्रपुर के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इसके पूरा होने के बाद शहर को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी और रुद्रपुर आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित होगा।




