किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बेहड़ ने कहा कि बरेली पुलिस द्वारा हथियारों के साथ पकड़े गए कुछ अभियुक्तों ने पूछताछ में किच्छा के प्रधान पति गफ्फार को हथियार सप्लाई से जोड़ने की बात कही है। उनका दावा है कि गफ्फार, राजेश शुक्ला का “राइट हैंड” है और उसकी आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
बेहड़ ने सवाल उठाया कि आखिर गफ्फार के माध्यम से किसे निशाना बनाने की साजिश रची जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्ला अपराधियों को संरक्षण देते हैं और अपने आवास पर उनके साथ बैठकों का आयोजन करते हैं। विधायक ने कहा कि “अगर आप सही हैं तो सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करें कि आपका गफ्फार से कोई संबंध नहीं है। हिम्मत है तो मेरे खिलाफ किच्छा से चुनाव लड़ें।”
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि यूपी पुलिस द्वारा गफ्फार के घर दबिश देने से पहले सूचना लीक कर दी गई। उन्होंने मांग की कि सूचना लीक मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई हो। बेहड़ ने कहा कि जिले में आने के बाद कई मामलों में कार्रवाई धीमी पड़ जाती है, जबकि बरेली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हथियार बरामद किए हैं।
उन्होंने बरेली एसएसपी को कार्रवाई के लिए बधाई देते हुए कहा कि उधम सिंह नगर पुलिस को भी गफ्फार को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि उसके कथित संरक्षकों का भी पर्दाफाश हो सके।



