हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के फतेहपुर रेंज स्थित लामाचौड़ में जंगल किनारे घास काट रही एक महिला पर बाघ ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतका की पहचान गंगा देवी के रूप में हुई है, जो अपनी बहू पुष्पा और एक अन्य महिला हेमा देवी के साथ सुबह जंगल किनारे घास लेने गई थी।
प्रत्यक्षदर्शी हेमा देवी के अनुसार, तीनों महिलाएं घास काट रही थीं, तभी अचानक बाघ ने गंगा देवी पर झपट्टा मार दिया। बहू और साथ गई महिला ने शोर मचाकर और हिम्मत दिखाते हुए बाघ को भगाने का प्रयास किया। कुछ देर के लिए बाघ पीछे हटा भी, लेकिन गंगा देवी को गंभीर रूप से घायल कर चुका था। महिलाएं उसे नीचे लाईं, जहां उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद वे ग्रामीणों को सूचना देने गईं, इसी दौरान बाघ शव को घसीटकर करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल के भीतर ले गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से कॉम्बिंग अभियान चलाया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला का क्षत-विक्षत शव जंगल के भीतर बरामद किया गया।
फतेहपुर रेंज के रेंजर प्रदीप कुमार असगोला ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे फिलहाल जंगल की ओर न जाएं। नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



