रुद्रपुर। कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने श्मशान घाट क्षेत्र में चल रहे सट्टा खेल का भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी और जुआ खेलने की सामग्री बरामद कर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, एसएसआई महेश कांडपाल बुधवार रात पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जब टीम श्मशान घाट पहुंची तो वहां कुछ लोग ‘तितली-कबूतर उड़’ नाम से सट्टा खेलते मिले। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दो लोगों को मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना नाम सुमित गुप्ता पुत्र कमलेश निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप और राजकुमार सागर पुत्र इंदर सागर बताया। आरोपियों ने बताया कि वे तितली-कबूतर उड़ सट्टा खेल का संचालन कर उससे परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक रंग-बिरंगी फ्लेक्सी शीट बरामद हुई, जिस पर बच्चों के मनोरंजन के नाम पर छतरी, फुटबॉल, सूरज, दीपक, गाय, बाल्टी, पतंग, लट्टू, गुलाब, तितली, कबूतर और खरगोश की आकृतियां बनी थीं। इन आकृतियों पर अलग-अलग रकम निर्धारित थी। मौके से कुल 1060 रुपये नगद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध सट्टा और जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




