खनन ट्रक की टक्कर से मौत, शव रखकर सड़क जाम, भड़का जनआक्रोश, धरने पर बैठे नेता प्रतिपक्ष, ओवरलोडिंग पर प्रशासन कटघरे में

Share the news

काशीपुर में एक सड़क हादसे के बाद हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। खनन सामग्री से लदे वाहनों की बेलगाम रफ्तार ने एक बार फिर एक व्यक्ति की जान ले ली, जिसके बाद इलाके में गुस्सा और आक्रोश साफ नजर आया। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है।

उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर स्थित कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ढकिया नंबर एक में बीते दिन खनन सामग्री से लदे एक ट्रक ने बाइक सवार व्यक्ति को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को किसी तरह संभाला, लेकिन माहौल पूरी तरह शांत नहीं हो सका।

देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जब मृतक का शव परिजनों को सौंपा गया, तो गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग शव को सड़क पर रखकर धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स भी वहां पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे।

कई घंटों तक चले हंगामे के बीच देर शाम नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी मौके पर पहुंचे और धरने में शामिल होकर प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीते सात दिनों में क्षेत्र में पांच लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवरलोड खनन वाहनों पर कार्रवाई न होना माफियाओं और अफसरशाही की मिलीभगत को दर्शाता है।

काफी देर बाद पुलिस द्वारा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर धरना समाप्त हुआ। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है। यह घटना एक बार फिर खनन वाहनों और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *