उत्तराखंड में यूके से आई एनआरआई महिला की होटल में संदिग्ध मौत, कमरे में बिगड़ी तबीयत, जांच में जुटी पुलिस

Share the news

हरिद्वार….

नगर कोतवाली क्षेत्र के सप्तऋषि इलाके में स्थित शांति हेरिटेज होटल में ठहरी एक एनआरआई महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 66 वर्षीय अन्ना चौहान के रूप में हुई है। वह यूनाइटेड किंगडम (यूके) से 17 सदस्यीय दल के साथ भारत भ्रमण पर आई थीं।

जानकारी के अनुसार अन्ना चौहान एक दिन पूर्व अपने साथियों के साथ शांति हेरिटेज होटल में ठहरी थीं। मंगलवार सुबह होटल के कमरे में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर होटल प्रबंधन ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने होटल पहुंचकर कमरे का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की मौत हार्ट अटैक से हो सकती है, हालांकि पुलिस इसे संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।

चूंकि मामला विदेश से जुड़ा हुआ है, इसलिए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। होटल स्टाफ से पूछताछ की गई है, वहीं महिला के साथ भारत आए दल के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *