अल्मोड़ा | भैसियाछाना ब्लॉक क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा
अल्मोड़ा जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दंपति की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भैसियाछाना ब्लॉक क्षेत्र के बाड़ेछीना–शेराघाट मोटर मार्ग पर कसाण बैंड के पास हुआ, जहां एक स्कॉर्पियो वाहन करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो संख्या DL 3CC Z 8690 में सवार दिल्ली के महरौली निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्य उत्तराखंड भ्रमण पर आए थे। वाहन में माता-पिता और उनका बेटा सवार था। शनिवार को वे कैंची धाम मंदिर में दर्शन के बाद धारचूला–मुनस्यारी की ओर रवाना हुए थे।
शाम के समय कसाण बैंड के पास पहुंचते ही वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो ऊपर वाली सड़क से फिसलते हुए नीचे की सड़क की ओर खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। थाना धौलछीना पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वाहन चला रहे सिद्धार्थ राय गंभीर रूप से घायल मिले, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
थाना प्रभारी सुनील बिष्ट और एसआई गोकुल ने बताया कि मौके पर ही दंपति की मौत हो चुकी थी। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अल्मोड़ा रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया गया है।



