काशीपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन ने राहगीर को रौंदा, मौके पर मौत, शव क्षत-विक्षत, शिनाख्त में जुटी पुलिस

Share the news

रुद्रपुर। काशीपुर हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस पहचान के प्रयास में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच एक व्यक्ति पैदल ही काशीपुर हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राहगीर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर शव की हालत देख राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। किसी राहगीर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर एसआई चंदन बिष्ट और एएसआई नवीन जोशी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

एसएसआई केसी आर्या ने बताया कि मृतक का शव अत्यधिक क्षत-विक्षत है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्रों में लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही हादसे में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *