प्रशासनिक लापरवाही, भीषण जाम में फंसी 108 एंबुलेंस, मरीज जिंदगी-मौत से जूझता रहा, लोगों ने खुद खुलवाया रास्ता

Share the news

कालाढूंगी (नैनीताल):

नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चकलुवा वैली ब्रिज पर भीषण जाम में एक एंबुलेंस फंस गई। एंबुलेंस में मौजूद मरीज की हालत गंभीर बताई जा रही थी और समय पर अस्पताल पहुंचना बेहद जरूरी था, लेकिन जाम के कारण मरीज की जान सांसत में आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चकलुवा वैली ब्रिज के ठीक बीचों-बीच एक कार सवार ने कथित तौर पर ट्रक की चाबी पुल के नीचे फेंक दी, जिससे ट्रक बीच सड़क पर ही खड़ा हो गया। ट्रक के अचानक रुकने से पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ ही मिनटों में यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

इसी जाम में मरीज को लेकर जा रही 108 एंबुलेंस भी फंस गई। एंबुलेंस काफी देर तक पुल पर खड़ी रही और मरीज जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा। हैरानी की बात यह रही कि जाम के दौरान न तो मौके पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद था और न ही किसी प्रशासनिक अधिकारी की तत्काल पहुंच हो सकी, जिससे हालात और बिगड़ते चले गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोग और राहगीर खुद आगे आए। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को इधर-उधर कर यातायात को धीरे-धीरे सुचारू किया, तब जाकर एंबुलेंस को आगे बढ़ने का रास्ता मिल सका।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में शासन-प्रशासन की लापरवाही को लेकर भारी रोष देखने को मिला। लोगों ने चकलुवा वैली ब्रिज जैसे संवेदनशील स्थानों पर स्थायी पुलिस व्यवस्था और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई न होने पर ऐसी लापरवाही किसी की जान पर भारी पड़ सकती है।

इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक तैयारियों और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *