रुद्रपुर।
साइबर ठगों द्वारा शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित जयकिशन पुत्र भोलाराम, निवासी भगवानपुर जयसिंह वार्ड नंबर 41, थाना मुखानी जनपद नैनीताल ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊँ परिक्षेत्र रुद्रपुर में तहरीर देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, 5 नवंबर 2025 को उसने फेसबुक पर शेयर ट्रेडिंग से जुड़ा एक विज्ञापन देखा। लिंक पर क्लिक करते ही उसे व्हाट्सएप के “Wealth Alliance – A102 Group” नामक ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें पांच एडमिन थे। ग्रुप एडमिनों ने खुद को प्रतिष्ठित ब्रोकरेज कंपनी Angel One India Ltd. से जुड़ा बताया और शेयर मार्केट में सुनिश्चित मुनाफे का भरोसा दिलाया।
ठगों के झांसे में आकर पीड़ित ने टाटा मोटर्स के शेयर से जुड़ी जानकारी ली, जिसके बाद उसे एक लिंक भेजकर “ANGVAN” नामक ऐप डाउनलोड कराया गया। इसके बाद 27 नवंबर से 17 दिसंबर 2025 के बीच पीड़ित और उसकी पत्नी के बैंक खातों से यूपीआई और आरटीजीएस के माध्यम से कुल 20 लाख 38 हजार 165 रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। ऐप पर रकम को मुनाफे सहित दिखाया जाता रहा।
जब पीड़ित ने 12 दिसंबर को धनराशि निकालने की बात कही तो उससे ब्रोकरेज फीस और इनकम टैक्स के नाम पर और पैसे जमा कराए गए। इसके बाद 17 दिसंबर को पूरी रकम जबरन एक कथित IPO में लगा दी गई और फिर 13 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। यहीं से पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
जांच में Angel One की हल्द्वानी शाखा ने किसी भी प्रकार के टाई-अप से इनकार किया। पीड़ित ने 18 दिसंबर को साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है। साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


