तंदूर के जलते कोयलों पर अनजाने में खड़ी की गई क्रेटा कार बनी आग का गोला, मंडी निदेशालय परिसर में मचा हड़कंप, कैटरिंग ठेकेदार की लापरवाही उजागर

Share the news

रुद्रपुर।

कलेक्ट्रेट परिसर के पीछे स्थित राज्य मंडी निदेशालय कार्यालय में 15 दिसंबर को आयोजित बोर्ड बैठक के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंडी परिषद की पार्किंग में खड़ी एक हुंडई क्रेटा कार में अचानक आग लग गई। घटना से परिसर में हड़कंप मच गया।

 

जानकारी के अनुसार, 15 दिसंबर को मंडी परिषद में बोर्ड बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्य के विभिन्न जनपदों से अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे। बैठक के बाद लंच की व्यवस्था भी की गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने पर कैटरिंग ठेकेदार द्वारा तंदूर में उपयोग किए गए जलते कोयलों को लापरवाहीपूर्वक खाली पड़ी पार्किंग में डाल दिया गया और ऊपर से राख डाल दी गई, जिससे धुआं दिखाई नहीं दे रहा था।

 

बताया गया कि शाम करीब 4:30 बजे एक ठेकेदार किसी कार्य से मंडी परिषद पहुंचा और अनजान में उसी स्थान पर अपनी क्रेटा कार खड़ी कर दी, जहां राख के नीचे जलते हुए कोयले मौजूद थे। कुछ ही देर में कार के निचले हिस्से से आग भड़क उठी। आग लगते देख एक व्यक्ति ने शोर मचाया और कर्मचारियों को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही मंडी निदेशालय के कर्मचारियों ने अग्निशमन सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई और कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। सौभाग्य से उस समय पार्किंग में आसपास कोई अन्य वाहन खड़ा नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

 

घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। जांच में कैटरिंग ठेकेदार और तंदूर कारीगर की घोर लापरवाही सामने आई है।

 

मंडी परिषद के अधिकारियों ने इस लापरवाही पर कैटरिंग ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई और भविष्य में ऐसी घटना दोहराने पर ब्लैकलिस्ट करने व कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *