सरकारी ड्यूटी से लौट रहे पुलिस कॉन्स्टेबल से मारपीट का आरोप, ट्रैक्टर-ट्रॉली सवारों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज

Share the news

हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में तैनात एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। घटना उस समय की बताई जा रही है जब पुलिसकर्मी सरकारी कार्य निपटाकर देहरादून से लक्सर लौट रहा था।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित कॉन्स्टेबल विधि विज्ञान प्रयोगशाला, देहरादून से एक मुकदमे से संबंधित माल दाखिल कर सरकारी वाहन से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह सेठपुर, लक्सर क्षेत्र में पहुंचे, उनके आगे गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी। हार्न देने पर साइड मिलने के बाद जब उन्होंने ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन सामने ला दिया। टक्कर से बचने के लिए पुलिसकर्मी को अपनी कार सड़क से नीचे फुटपाथ पर उतारनी पड़ी।

 

आरोप है कि इसके बाद ट्रैक्टर चालक और उसके साथ बैठे एक अन्य व्यक्ति ने बीच सड़क ट्रैक्टर रोक दिया और पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने वाहन के भीतर ही मारपीट की और कॉन्स्टेबल का कॉलर पकड़कर उन्हें गाड़ी से बाहर खींचने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी वर्दी के बटन टूट गए और सोल्डर बैच भी क्षतिग्रस्त हो गया।

 

घटना के दौरान मौके पर भीड़ एकत्र हो गई, जिसका लाभ उठाकर आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में हमलावरों की पहचान लक्सर निवासी के रूप में बताई गई है।

 

पीड़ित पुलिसकर्मी ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और गाली-गलौज करने के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *