देहरादून में आयोजित भारतीय रेलवे बोर्ड की केंद्रीय प्रतियोगी परीक्षा में नकल का बड़ा मामला सामने आया है। पटेल नगर कोतवाली पुलिस ने परीक्षा में नकल करने की कोशिश कर रहे हरियाणा निवासी एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नकल के लिए तैयार की गई पर्ची भी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कई और लोगों के नाम बताए हैं, जिनकी जानकारी जुटाने में पुलिस लगी हुई है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब दो दिसंबर को आईकैट सॉल्यूशन परीक्षा केंद्र, सहारनपुर रोड में द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान 22 वर्षीय अभ्यर्थी विवेक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर यशवीर, निवासी पुरोला (उत्तरकाशी) ने तलाशी के दौरान उसके जैकेट की आस्तीन में छिपी नकल पर्ची पकड़ी। इसके बाद उन्होंने पटेल नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम 2024 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी विवेक ने बताया कि परीक्षा पास कराने के लिए हरियाणा में रहने वाले ‘शर्मा’ नामक व्यक्ति से उसकी चार लाख रुपये में डील हुई थी। शर्मा ने उसे परीक्षा केंद्र के बाहर तीन अन्य व्यक्तियों से मिलने को कहा था। परीक्षार्थी परीक्षा से पहले उन लोगों से मिला और उन्होंने उसके मोबाइल में एक प्राइवेट मैसेंजर ऐप डाउनलोड कर उससे जुड़े उत्तर एक पर्ची पर लिखकर दे दिए, जिसे वह परीक्षा केंद्र के अंदर ले गया।
कोतवाली प्रभारी चंद्रभान अधिकारी के अनुसार, इस मामले में किसी संगठित नकल गैंग के शामिल होने की आशंका है। नकल के लिए प्राइवेट मैसेंजर ऐप के उपयोग की भी पुष्टि हुई है। पुलिस आरोपी से जुड़े सभी लोगों और लिंक की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अब हरियाणा कनेक्शन को भी खंगाल रही है, जिससे इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।



