सोसाइटी संचालकों पर महिला कर्मचारी का वेतन हड़पने का आरोप, एफआईआर दर्ज करने की मांग

Share the news

किच्छा में एक महिला कर्मचारी ने सोसाइटी संचालकों पर छलपूर्वक वेतन हड़पने और धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर को प्रार्थना पत्र सौंपा है। पीड़िता हुमा खानम, पत्नी मोहम्मद शफी, निवासी वार्ड संख्या 08 शास्त्री मार्केट किच्छा, ने बताया कि वह वर्ष 2023 से Alphine Welfare Society, सिरौली कलां किच्छा में ट्रेनर के पद पर कार्यरत रही थीं। सोसाइटी के प्रमुख यामीन सैफी और उसका भाई हसीन सैफी संस्था का संचालन करते हैं।

पीड़िता के अनुसार, शुरुआती नियुक्ति के समय उसका वेतन 12 हजार रुपये बताया गया, जबकि बैंक में उसके नाम पर मात्र 10 हजार रुपये जमा किए जाते थे। बाद में एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवाते समय दोनों आरोपियों ने उससे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए और खाता खोलने के बावजूद एटीएम, पासबुक, चेकबुक व क्रेडिट कार्ड उसे उपलब्ध नहीं कराए। पीड़िता का आरोप है कि उसके खाते से जुड़े सभी बैंकिंग अधिकार दोनों भाइयों ने अपने कब्जे में रखे और मोबाइल नंबर भी अपने नाम से दर्ज करवा दिया।

पीड़िता ने बताया कि फरवरी 2025 से उसे बहला-फुसलाकर कार्यालय न आने को कहा गया और वेतन खाते में भेजने की बात कही गई। हालांकि जुलाई 2025 में जब उसने खाते की स्टेटमेंट निकाली तो पता चला कि संस्था द्वारा उसका वास्तविक वेतन 28 हजार रुपये प्रतिमाह जमा किया जा रहा था, जिसे आरोपी नेट बैंकिंग के माध्यम से निकाल लेते थे। उसके पुराने इंडियन ओवरसीज बैंक खाते में मात्र 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाते थे। इस तरह लगभग 6 लाख 75 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि दोनों भाइयों ने उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग किया, विश्वास तोड़ा और महिला कर्मचारी की मेहनत की कमाई को ठगी कर हड़प लिया। उसने आरोपी यामीन सैफी व हसीन सैफी पर विधिक धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *