रुद्रपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर में बुधवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम बिंदुखेड़ा निवासी परमजीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका परिवार ग्राम रायपुर स्थित खेती की जमीन पर वर्षों से खेती कर रहा है। आरोप है कि पड़ोसी अंग्रेज सिंह और उसके परिजन लंबे समय से रंजिश रखते हुए फसल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते रहे हैं।
26 नवंबर की सुबह प्रार्थी के विकलांग पुत्र जसमेर सिंह और छोटे पुत्र हरेन्द्र सिंह कार से खेत पर पहुंचे, जहां जमीन पर बड़ी मात्रा में ईंटें रखी मिलीं। इसी दौरान अंग्रेज सिंह, बिन्दर सिंह, रणजीत उर्फ सेठी, रॉकी उर्फ संदीप, गुरदेव सिंह, सुरेंद्र कौर व अन्य लोग लाठी-डंडे, तलवार और गंडासे लेकर पहले से मौजूद थे। ईंटों के बारे में पूछने पर आरोपियों ने गालियां देते हुए दोनों भाइयों पर हमला कर दिया।
जसमेर सिंह को गंडासे से जानलेवा हमला कर जमीन पर गिराकर पीटा गया। बीच-बचाव करने पर हरेन्द्र को भी गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि बिंदर सिंह ने जसमेर की दो तोले की सोने की चैन व अंगूठी छीन ली। हमलावरों ने मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिया।
शोर सुनकर पहुंचे परमिंदर सिंह, बलकार सिंह व मनजीन्दर कौर पर भी तलवारों और लाठियों से हमला किया गया। आरोप है कि अंग्रेज सिंह ने छत से तमंचे से फायर भी किया, हालांकि युवक बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना पर ग्रामीण जुटे तो आरोपी फरार हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर लिया है।



